अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत शुक्रवार को फायर सर्विस विभाग ने पेट्रोल पंपों, बाजारों तथा अन्य भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पहुंचकर मॉक डि्रल किया। लोगों को आग से बचाव के उपाय बताए गए। फायर सर्विस विभाग के फायरकर्मियाें ने पेट्रोल पंप पर पहुंचकर यहां तैनात कर्मचारियों को आग लगने पर उसे किस प्रकार से बुझाए, इसका मॉक डि्रल करके बताया। किसी प्रकार से अग्निशमन यंत्र का उपयोग करना है, इसके बारे में डैमो करके बताया। फायर कर्मियों ने पेट्रोल पंप कर्मचारियों को ज्वलनशील पदार्थों के बीच सुरक्षा मानकों का पालन करने, बिजली उपकरणों की नियमित जांच कराने तथा आग लगने पर घबराने के बजाय तत्काल प्राथमिक प्रयास करने का प्रशिक्षण दिया। इसके साथ अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रदर्शन किया और कर्मचारियों को इसे चलाना भी सिखाया। इसके बाद फायर सर्विस टीम ने शहर के भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों को आग से बचाव की जानकारी दी और बताया कि घर में आगजनी की घटना होने की स्थिति में निकास मार्ग खुला रखें, अफरा-तफरी न फैलाएं और तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दें। मुख्य अग्निशमन अधिकारी तबारक हुसैन ने बताया कि अग्नि सुरक्षा सप्ताह के तहत फायर सर्विस विभाग की टीम क्षेत्र में भ्रमण कर लोगों को जागरूक कर रही है। लोगों से अपील है कि वह घर, दुकान और प्रतिष्ठानों में अग्निशमन यंत्र जरूर रखें और समय-समय पर उसकी जांच कराते रहें।