लखीमपुर खीरी जिले के नीमगांव थाना क्षेत्र के लखहा गांव में रास्ते की दीवार तोड़ने को लेकर बुधवार दोपहर बवाल हो गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर ईंट पत्थर चले। कई राउंड फायरिंग हुई। कई लोग घायल हुए हैं। फायरिंग के बाद गांव में दहशत फैल गई। लोग दरवाजों को बंद कर घरों में दुबक गए। सूचना पर एएसपी नैपाल सिंह, सीओ मितौली समेत कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई और स्थिति पर काबू पाया। पुलिस ने करीब 15 लोगों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि दूसरे पक्ष के लोग मुनीश के घर की दीवार तोड़ रहे थे। मुनीश के परिजनों ने विरोध किया तो दूसरा पक्ष मारपीट पर उतारू हो गया। इसके बाद बवाल शुरू हो गया। गांव में तनाव देखते हुए फोर्स तैनात कर दी गई है।