लखीमपुर खीरी में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 150वीं जयंती राष्ट्रीय एकता दिवस पर मंगलवार को 'रन फॉर यूनिटी' रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ कलक्ट्रेट परिसर से हुआ। यहां जिलाधिकारी दुर्गा शक्ति नागपाल और विधायक मंजू त्यागी ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। इस अवसर पर कारागार राज्यमंत्री सुरेश राही बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे। यात्रा सौजन्या चौराहे से होते हुए शहीद नसीरुद्दीन मेमोरियल मैदान तक पहुंची। इसमें बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे, भाजपा कार्यकर्ता, सामाजिक संगठन और अधिकारी शामिल हुए। सभी ने शहर के मुख्य मार्गों पर पैदल चलकर राष्ट्रीय एकता और अखंडता का संदेश दिया। इस दौरान सदर विधायक योगेश वर्मा, विनोद शंकर अवस्थी, जिलाध्यक्ष सुनील सिंह, सीडीओ अभिषेक सिंह समेत प्रशासनिक अमला उपस्थित रहा। रैली के अंत में सभी ने सरदार पटेल के आदर्शों पर चलने और देश की एकता बनाए रखने का संकल्प लिया।