यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटर मीडिएट की परीक्षा बुधवार को नगर के पांच केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच हुई। छात्रों की सघन तलाशी के बाद ही उन्हें परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति दी गई। पहले दिन हिंदी विषय की परीक्षा हुई। प्रश्न पत्र सरल होने से परीक्षार्थियों के चेहरे खिले रहे। सुबह आठ बजे की पाली में हाईस्कूल के छात्रों ने हिंदी का पेपर दिया। परीक्षा देकर लौटे छात्रों ने बताया कि पेपर सरल रहा, जिसे हल करने में उन्हें कोई कठिनाई नहीं हुईं। वहीं दोपहर की पाली दो बजे शुरू हुईं जिसमें इंटर के छात्रों ने भी हिंदी का पेपर दिया और यह भी पेपर सरल होने से छात्रों के चेहरे खिले रहे। ओमप्रकाश ज्वालादेवी इंटर कॉलेज केंद्र के प्रधानाचार्य ह्रदय राम वर्मा ने बताया कि परीक्षा कक्ष में बेल्ट, डिजिटल वॉज, मोबाइल आदि पर पूरी तरह से रोक रही। सघन तलाशी के बाद ही छात्रों को प्रवेश दिया गया। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि राजधानी मार्ग स्थित ओमप्रकाश ज्वालादेवी इंटर कॉलेज, पोनी रोड के डॉ. लोहिया स्कूल, कंचन नगर में महर्षि दयानंद कॉलेज, गोपीनाथ पुरम के सरस्वती इंटर कॉलेज और गंगानगर स्थित गंगा प्रसाद महते इंटर कॉलेज परीक्षा केंद्र पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक दरोगा के अलावा दो महिला और पुरुष सिपाही की तैनाती रही।