नवीन गंगा पुल पर शुक्रवार को सुबह यातायात का दबाव बढ़ने पर जल्दी निकलने की होड़ में वाहनों को आड़ा-तिरछा कर निकालने से एक घंटे जाम लगा रहा। राजधानी मार्ग पर पोनी रोड तिराहे तक वाहनों की लंबी कतार लगी रही। इसी बीच उन्नाव से मरीज लेकर कानपुर हैलट अस्पताल जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई। पुलिस ने किसी तरह एंबुलेंस को निकलवा कर रवाना किया। वहीं, शाम को आजाद नगर बाजार के मोड़ के पास भी एक घंटे लोग जाम से जूझते रहे। ऐसे में राहगीरों को काफी परेशानी झेलनी पड़ी। नवीन गंगा पुल पर सुबह 10 बजे वाहनों का दबाव बढ़ने पर वाहन फंसने लगे। जल्दी निकलने की होड़ में वाहनों को आड़ा-तिरछा कर निकालने से जाम लग गया। कुछ ही देर में पुल के दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। वाहनों की कतार राजधानी मार्ग पर पोनी रोड तिराहे तक पहुंच गई। इसी बीच उन्नाव से मरीज लेकर कानपुर के हैलट अस्पताल जा रही एक एंबुलेंस भी जाम में फंस गई, जिससे मरीज व साथ में मौजूद तीमारदारों की जान सांसत में पड़ गई। सूचना मिलने पर गंगाघाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने फोर्स के साथ पहुंचकर जाम खुलवाकर एंबुलेंस को निकलवा कर रवाना किया। सुबह 10 बजे लगा जाम एक घंटे बाद 11 बजे खुला। वहीं, आजाद नगर बाजार के मोड़ पर बेतरतीब खड़े वाहनों की वजह से शाम 4:30 से 5:30 बजे तक जाम लगा रहा। यहां शुक्रवार को साप्ताहिक बाजार होने के कारण दूर दराज से आने वाले लोग अपने वाहनों को सड़क पर खड़ा कर देते है। साथ ही ई-रिक्शा चालक भी सवारियां बैठाने के चक्कर में बीच सड़क पर रिक्शा रोक देते हैं, जिससे जाम लगा। पुलिस के पहुंचने पर जाम खुला।