विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत वार्ड 21 में खांडेपुर बंबा रोड बदहाल है। जगह-जगह जलभराव और गड्ढों में तब्दील हुई सड़क पर राहगीर हिचकोले खाते हुए निकलने के लिए मजबूर हैं। आए दिन ई-रिक्शे पलटते रहते हैं। इसी सड़क को बनाने के नाम पर पिछले साल मार्च में नगर निगम ने करीब 1.20 करोड़ रुपये खर्च किए गए थे। कुछ ही महीनों में सड़क क्षतिग्रस्त हो गई। विष्णु कुशवाहा, शेषनारायण, एके त्रिवेदी आदि ने आरोप लगाया कि नगर निगम के वरिष्ठ अफसरों ने इसकी जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय गड़बड़ियों में पर्दा डालते हुए इस सड़क को मुख्यमंत्री ग्रीन रोड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट (सीएम ग्रिड) योजना फेज-2 में शामिल कराया। इस योजना के तहत लगभग 23 करोड़ रुपये से इस सड़क के पुनर्निर्माण के लिए तीन महीने पहले शिलान्यास भी कराया गया। जनता को 18 माह में सड़क पूरी तरह बनने का आश्वासन दिया गया था पर अभी तक काम शुरू नहीं कराया गया। सीएम ग्रिड योजना का उद्देश्य इस योजना का उद्देश्य शहरी क्षेत्रों में सड़कों का आधुनिक और हरित विकास करना है। इन सड़कों के दोनों तरफ सीवर लाइन, पानी की पाइपलाइन, गैस पाइपलाइन, बिजली के भूमिगत तारों के लिए यूटिलिटी डक्ट, पैदल चलने वालों के लिए फुटपाथ, डिवाइडर, स्ट्रीट लाइट,पार्किंग आदि बनेंगी।