जीएसवीएम मेडिकल कॉलेज के वार्षिकोत्सव तरंग के आखिरी दिन एमबीबीएस तृतीय वर्ष पैरा आर-2 के आद्रित श्रीवास्तव को मिस्टर तरंग और एमबीबीए द्वितीय वर्ष पैरा एस-2 की वृंदा सुरेखा को मिस तरंग का ताज मिला। स्टार नाइट के साथ उत्सव का समापन हुआ। इसमें गायक नकाश अजीज के गीतों पर श्रोता झूम उठे। डीजे की तेज संगीत लहरी में लोग डूबते-उतराते रहे। सोमवार को कार्यक्रमों की शुरुआत साहित्यिक प्रतियोगिताओं से हुई। मेडिकल क्विज में एमबीबीएस वर्ष 2023 बैच के रामेंद्र पांडेय और आनंद शंकर पांडेय विजेता रहे। नुक्कड़ नाटक की प्रतिस्पर्द्धा में पैरा आर-2 ने जीत हासिल की।लोक गायन में आशीष तिवारी विजेता बने। वेस्टर्न डांस प्रतियोगिता में गौरव मिताली और पंकज विजेता रहे। इसके बाद दोपहर दो बजे से मिस्टर और मिस तरंग प्रतियोगिता शुरू हुई। तीन घंटे तक चली इस प्रतियोगिता में आदृत श्रीवास्तव और वृंदा सुरेखा ने बाजी मारी। रनर्स अप मिस्टर तरंग अंश दुबे और रनर्स अप मिस तरंग रिद्धिमा सिंह रहीं। मुख्य अतिथि दीक्षा जैन और अर्पित उपाध्याय थे। वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. शालिनी मोहन की देखरेख में प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। अन्य प्रतियोगिता में मेडिकल छात्र आशुतोष चौबे मिस्टर टैलेंटेड और अमीषा सिंह मिस टैलेंटेड चुनी गईं। वार्षिकोत्सव का अंतिम कार्यक्रम स्टार नाइट यादगार रहा। गायक नकाश ने ''अफगान जलेबी'', ''साड़ी के फॉल सा'' और ''पुष्पा'' टाइटल सॉंग जैसे लोकप्रिय गाने गाकर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। मुख्य अतिथि सीपी रघुवीर लाल रहे। इस मौके पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय काला, डॉ. जीडी यादव, डॉ.आरके सिंह, डॉ. यशवंत राव, डॉ. सुनीति पांडेय, डॉ. एसके बर्मन, डॉ. प्रमोद कुमार तथा अन्य फैकल्टी सदस्य मौजूद रहे।