केशवनगर डब्ल्यू ब्लाॅक में पिछले सात दिन से सत्ताधारी दल का पूर्व पदाधिकारी अटल बिहार बाजपेयी की मूर्ति लगाने के नाम पर कब्जा कर रहा है। गुरुवार को लोगों ने इसका विरोध जताया और पुलिस को सूचना दी। हालांकि, अभी निर्माण कार्य बंद है। क्षेत्र के दिग्विजय सिंह ने बताया कि पूर्व पदाधिकारी ने मूर्ति के नाम पर कब्जा कर मकान बनवाने के लिए पिलर बनवाने शुरू कर दिए। जब निर्माण के संबंध में पूछा तो मूर्ति की स्थापना दो मंजिल ऊपर कराने की बात कही। लोगों ने इसके विरोध में नारेबाजी की। कहा कॉलोनी के साथ उन्होंने पार्क के लिए भी रुपये जमा किए हैं। जब क्षेत्र की महिलाएं एकजुट हो गईं तो पूर्व पदाधिकारी भाग निकला। शाम को लोगों ने हनुमंत बिहार पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने निर्माणस्थल की फोटो खींची। विरोध के दौरान सीमा अग्निहोत्री, अलका पालीवाल, अंजना कटियार, संदीप अग्रवाल, एसके सिंह, रमाकांत मिश्रा, जसविंदर, सूर्यभान सिंह, सुबोध दीक्षित सहित अन्य मौजूद रहे।