कानपुर के भीतरगांव ब्लॉक के बारीगांव में बना खेल मैदान बदहाली का शिकार है। लाखों रुपये की लागत से तैयार इस क्रीड़ा स्थल पर अब खिलाड़ियों की जगह जंगली झाड़ियां और कटीली घास नजर आती है। मैदान की हालत ऐसी हो गई है कि यहां सांप और बिच्छू जैसे जीव-जंतु दिखाई देते हैं, जिससे खेलना तो दूर, वहां जाना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि देखरेख के अभाव में यह मैदान पूरी तरह अनुपयोगी हो गया है और प्रशासन इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।