कानपुर के रामादेवी चौराहे पर गुरुवार को नगर निगम की टीम ने अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया। इस दौरान चौराहे के आसपास सड़क किनारे लगे ठेले और अवैध स्टैंड को हटवाया गया। टीम ने ठेलेवालों को वहां से हटाकर मार्ग को खाली कराया, जिससे कुछ देर के लिए यातायात व्यवस्था सामान्य नजर आई। अभियान के दौरान नगर निगम कर्मचारियों ने चौराहे के चारों ओर लगे ठेले हटवाने के साथ ही अवैध रूप से संचालित स्टैंड को भी खाली कराया। हालांकि कार्रवाई ज्यादा देर तक प्रभावी नहीं रह सकी। स्थानीय लोगों के अनुसार, नगर निगम की टीम के वहां से जाने के करीब आधे घंटे बाद ही फिर से ठेले लगने लगे और अवैध स्टैंड भी संचालित होने लगा। ऐसे में चौराहे पर फिर से जाम की स्थिति बनने लगी। लोगों का कहना है कि यदि नियमित रूप से निगरानी और कार्रवाई नहीं की गई तो अतिक्रमण की समस्या दोबारा इसी तरह बनी रहेगी।