अहिल्याबाई होल्कर की जयंती के अवसर पर साढ़ कस्बे में शनिवार को भव्य दोपहिया वाहन रैली का आयोजन किया गया। रैली में क्षेत्र के युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकमाता के आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संदेश दिया। रैली कस्बे के मुख्य चौराहे से शुरू हुई और विभिन्न मार्गों से होकर निकली। इस दौरान पूरा क्षेत्र लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के जयकारों से गूंज उठा। प्रतिभागी हाथों में केसरिया ध्वज और लोकमाता के तैलचित्र लिए हुए चल रहे थे। रैली में शामिल युवाओं ने डीजे पर बज रहे देशभक्ति और सामाजिक जागरूकता से जुड़े गीतों पर उत्साह के साथ सहभागिता की। आयोजन के दौरान लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के समाज सेवा, धर्म संरक्षण और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को भी याद किया गया। वक्ताओं ने कहा कि अहिल्याबाई होल्कर भारतीय इतिहास की ऐसी महान शासक थीं, जिन्होंने सुशासन, सेवा और सांस्कृतिक संरक्षण की मिसाल पेश की। उनके जीवन से प्रेरणा लेकर समाज को विकास और राष्ट्र निर्माण के मार्ग पर आगे बढ़ना चाहिए।