कानपुर के रावतपुर क्षेत्र में हृदय रोग संस्थान के पास प्रशासन द्वारा चलाए गए अतिक्रमण हटाओ अभियान के दौरान रविवार को अफरा-तफरी का माहौल देखने को मिला। कार्रवाई के दौरान सड़क किनारे बनी कई अस्थायी और स्थायी दुकानों को हटाया गया, जिससे स्थानीय व्यापारियों में हलचल मच गई। अतिक्रमण हटाने के लिए पहुंची टीम ने जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से दुकानों को हटाना शुरू किया। इस दौरान कुछ दुकानदारों ने विरोध भी जताया, लेकिन प्रशासन की सख्ती के चलते कार्रवाई जारी रही। कार्रवाई के बीच सड़क का बड़ा हिस्सा घिर जाने और लोगों की भीड़ जुटने के कारण इलाके में भीषण जाम लग गया। रावतपुर से गुजरने वाले वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई वाहन चालक घंटों तक जाम में फंसे रहे।