जिलाधिकारी जितेंद्र प्रताप सिंह ने सोमवार को काटर गांव में 35 मेगावाट क्षमता के सोलर पार्क के प्रस्तावित स्थल का निरीक्षण किया। परियोजना से जुड़े कार्यों को समय सीमा के अंदर पूरा कराने के निर्देश दिए। सोलर पार्क का निर्माण दिसंबर 2027 तक पूरा किए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने डीएम को बताया कि सोलर पार्क की स्थापना के लिए अति ऊर्जा स्रोत विभाग के नाम 65.315 हेक्टेयर भूमि अधिगृहित की जा चुकी है, जिसे सोलर पार्क विकास कंपनी को लीज पर दिया गया है। यह परियोजना 175 करोड़ रुपये की लागत से विकसित की जा रही है। सोलर पार्क तक पहुंच के लिए सभी मौसमों में उपयोगी सड़क निर्माण को भी आवश्यक बताया गया। इस संबंध में ग्राम प्रधान और ग्रामीणों के साथ बैठक कर वैकल्पिक मार्ग चिन्हित किया गया है। जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग सहित संबंधित एजेंसियों को सड़क निर्माण का प्राक्कलन शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान एसडीएम घाटमपुर अबिचल प्रताप सिंह, पीओ नेडा राकेश पांडेय आदि मौजूद रहे।