अंबिकापुरम मोहल्ले में गुरुवार को बिजली विभाग की टीम कोतवाली की पुलिस फोर्स को लेकर स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची। इस दौरान स्मार्ट मीटर लगाए जाने का लोगों ने विरोध भी किया और बिजली अधिकारियों से उनकी नोकझोंक भी हुईं। हो-हल्ला के बीच 72 स्मार्ट मीटर लगाए गए। अंबिकापुरम मोहल्ले में करीब 400 उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाए जाने हैं, जिसमें से अब तक करीब 100 से अधिक मीटर लगाए जा चुके है। मीटर लगाए जाने के दौरान बिजली कर्मचारियों और ठेका कर्मियों को लोगों का विरोध झेलना पड़ रहा था। गुरुवार को एसडीओ निरजंन चौधरी, एसडीओ राजेंद्र प्रसाद, जेई विजय पाल समेत अन्य कर्मचारी अंबिकापुरम फोर्स के साथ पहुंचे। उपभोक्ताओं के यहां स्मार्ट मीटर लगाने लगे। इस दौरान कई उपभोक्ताओं ने मीटर लगाने का विरोध करते हुए मना कर दिया। कर्मचारियों और उपभोक्ताओं के बीच कहासुनी तक हुईं। पुलिस ने किसी तरह उपभोक्ताओं को शांत कराया। एसडीओ राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि इस बीच 72 स्मार्ट मीटर लगाए गए।