आईसीसी चैम्पियंस ट्राफी 2025 के फाइनल मैच में रविवार को भारत ने न्यूजीलैंड को चार विकेट से हराकर ट्राॅफी अपने नाम की। भारत की जीत के साथ ही जिले में जगह-जगह जमकर आतिशबाजी हुई। साथ ही मिठाई खिलाकर लोगों ने एक-दूसरे को बधाई दी। ट्राफी के लिए खेले गए सभी मैच में भारत की जीत हुई। रविवार को भारत और न्यूजीलैंड के बीच हुआ। बड़े मैच के कारण शहर के बाजार देर शाम से ही सूने हो गए। व्यापारियों ने दुकानों और अन्य लोगों ने घरों व जगह-जगह मोबाइल पर लाइव मैच देखा। पहली पारी में न्यूजीलैंड ने 251 रन बनाए। भारत के गेंदबाजों ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका ही नहीं दिया। न्यूजीलैंड का विकेट हुआ तो लोग खुशी मनाते। लोगों ने जमकर तालियां भी बजाईं। जवाब में खेलने उतरे भारतीय बल्लेबाजों ने बहुत अच्छी शुरूआत की। शुभमन गिल और विराट कोहली के आउट होने के बाद लोगों की सांसें थम गईं थीं, लेकिन कप्तान रोहित शर्मा और उसके बाद अन्य खिलाड़ियों की बेहतरीन बल्लेबाजी ने भारत को जीता। रविंद्र जडेजा ने चौका मारकर जीत दर्ज कराई तो लोग खुशी से झूम उठे। सड़कों पर निकलकर लोगों ने जीत की खुशी मनाई। इस मैच को देखने के लिए लोग सारे कामकाज छोड़कर टीवी के सामने बैठ गए। कई गलियों तक में लोग नजर नहीं आए। शाम के समय रेलवे रोड पर भारी संख्या में लोग एकत्रित हुए और जमकर आतिशबाजी हुई। इस दौरान दिवाली और होली एक साथ मनाई गई। लोगों की संख्या के कारण यहां जाम की स्थिति पैदा हो गई।