गोंडा जिले के कटरा बाजार इलाके के एक गांव में छेड़छाड़ से परेशान किशोरी ने बुधवार को फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए करीब चार घंटे तक हंगामा काटा। पिता ने बताया कि बीते 13 जुलाई को उसकी 17 वर्षीय बेटी से छेड़छाड़ की गई थी। परिजनों ने विरोध जताया तो लाठी-डंडे से पीड़िता समेत परिजनों को मारापीटा। पिता शिकायत के लिए थाने जा रहा था तो आरोपियों ने उसे भी पीटा। किसी तरह से थाने पहुंचकर शिकायत दी। आरोप है कि पुलिस ने तहरीर बदलवा दी। शांतिभंग में कार्रवाई कर मामला रफा-दफा कर दिया। बुधवार सुबह 10 बजे बेटी किसी काम से अपने चाचा के घर जा रही थी। गांव के ही कुछ लोगों ने बेटी की पिटाई करने के साथ ही छेड़छाड़ की। इससे आहत होकर पीड़िता ने मौत को लगे लगा लिया। एएसपी राधेश्याम राय ने बताया कि परिजनों को समझा-बुझाकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। साथ ही छानबीन की जा रही है।