फिरोजाबाद के मोहल्ला नींबू वाला बाग, रसूलपुर में स्मार्ट रोड को तय समय से अत्यधिक देरी ओर बेतरतीब निर्माण कार्य के कारण नाले की खोदाई के दौरान पुराना बरगद का पेड़ बुधवार अलसुबह बिजली के खंभों पर गिर गया। जिससे कई मोहल्लों की बिजली गुल हो गई। गर्मी व उसम से परेशान हो रहे लोग एकत्र हो गए। स्थानीय नागरिक विमल कुमार, टिल्लू माहौर का कहना है कि काफी समय से यह काम चल रहा है। इसके कारण रोजाना पांच से सात घंटे तक बिजली गुल कर दी जाती है। वहीं स्मार्ट रोड में हो रही देरी से उनकी दुकानों पर ग्राहक नहीं आते हैं। जिससे उनकी आजीविका भी प्रभावित हो रही है। कई बार नगर निगम के आलाधिकारियों को इसके बारे में बताया जा चुका है। इसके बाद भी कार्य में गति नहीं पकड़ पा रही है। स्थानीय लोगों ने नगर निगम के खिलाफ नारेबाजी की। धरना देने के साथ कुछ लोगों ने जाम लगाने का प्रयास भी किया। सूचना पर विधायक सदर मनीष असीजा मौके पर पहुंचे। उन्होंने नगर आयुक्त ऋषिराज, अधिशाषी अभियंता, सहायक अभियंता को मौके पर बुलाया।कार्यदायी संस्था के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने को कहा। इसके साथ ही बिगड़े कार्य के यथाशीघ्र ठीक कराए जाने की बात कही। तब जाकर लोगों का गुस्सा शांत हुआ।