फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

तीन माह से जल निगम की आपूर्ति ठप, नाराज महिलाओं ने किया प्रदर्शन; VIDEO

Aman Vishwakarma Updated Sat, 06 Jun 2026 11:45 PM IST

चहनियां कस्बा स्थित खंडवारी चौहान बस्ती में पिछले तीन माह से जलनिगम की पेयजल आपूर्ति बाधित होने से नाराज महिलाओं ने शनिवार को जलनिगम कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। इस दौरान महिलाओं की जलनिगम के ऑपरेटर से तीखी नोकझोंक भी हुई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी की आपूर्ति बहाल नहीं की गई तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को बाध्य होंगी। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही समूह सखी प्रियंका चौहान ने बताया कि बस्ती में लंबे समय से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। इस संबंध में करीब 15 दिन पहले जलनिगम के जूनियर इंजीनियर सुनील यादव से शिकायत की गई थी, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। उन्होंने आरोप लगाया कि भीषण गर्मी के बावजूद विभाग समस्या के प्रति गंभीर नहीं है। महिलाओं ने बताया कि पानी की आपूर्ति न होने के कारण लोगों को दूर-दराज के स्रोतों से पानी लाना पड़ रहा है। इससे दैनिक कार्य प्रभावित हो रहे हैं और महिलाओं को घंटों पानी के लिए लाइन में खड़ा रहना पड़ता है। उनका कहना था कि हर घर तक पानी पहुंचाने के लिए बिछाई गई पाइपलाइन की मरम्मत का कार्य ठेकेदार ओमप्रकाश यादव द्वारा कराया जा रहा है, लेकिन लापरवाही के चलते पाइपलाइन की खामियां दूर नहीं हो पा रही हैं। महिलाओं ने आरोप लगाया कि चौहान बस्ती में बूंद-बूंद पानी के लिए लोग परेशान हैं। यदि शीघ्र जलापूर्ति शुरू नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी विभाग की होगी। वहीं जलनिगम के ऑपरेटर कपिल देव ने कहा कि उनके द्वारा प्रतिदिन लगभग छह घंटे नियमित रूप से पानी की सप्लाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गर्मी के मौसम में सभी क्षेत्रों तक पर्याप्त पानी पहुंचाना प्राथमिकता है और विभाग समस्या के समाधान के लिए प्रयासरत है। प्रदर्शन में प्रियंका चौहान, किरण देवी, आशा देवी, गीता देवी, राधिका देवी, संजू देवी, सरिता देवी, शिवकुमारी देवी, मुन्नी देवी, रेखा देवी, फूल कुमारी और गिरजा देवी सहित दर्जनों महिलाएं मौजूद रहीं।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें