फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

VIDEO:बदायूं और उझानी में लगा भीषण जाम, भीषण गर्मी में परेशान हुए वाहन चालक

Mukesh Kumar Updated Mon, 29 Jun 2026 05:39 PM IST

बदायूं शहर के चौराहों पर यातायात पुलिसकर्मियों की तैनाती कम रहने से यातायात व्यवस्था बिगड़ गई। चौराहों पर दिन में कई बार जाम लगा। इससे राहगीरों को दिक्कतें झेलनी पड़ीं। शहर के थानों के सिपाहियों और ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की वीवीआईपी कार्यक्रम और कछला गंगा घाट पर ड्यूटी लगाए जाने से दिक्कत बढ़ी थी। वहीं, उझानी कृषि उत्पादन मंडी समिति में मक्का की जबर्दस्त आवक ने एक बार फिर बरेली-मथुरा हाईवे पर यातायात व्यवस्था फेल हो गई। ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के बीच कार सवारों के साथ ही कछला गंगा स्नान को आने-जाने वाले श्रद्धालु भी फंस गए। मुख्य द्वार से दोनों ओर करीब दो किलोमीटर इलाके में जाम में फंसे वाहनों के सिवाय कुछ और नजर नहीं आया। बरेली-मथुरा हाईवे पर मंडी के सामने जाम की शुरूआत सोमवार करीब आठ बजे हुई। दुकानदार सौरभ के मुताबिक धर्मकांटों से तौल कराने के लिए मक्का लदी ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को उनके चालकों ने बेतरतीब दौड़ाना शुरू किया तो सबसे पहले श्रद्धालुओं के छोटे वाहन फंसने शुरू हुए। इस दौरान कार समेत बाइक सवार भी जाम की वजह से नहीं निकल पाए। जाम में फंसे कार सवार सुरेंद्र सिंह ने बताया कि मंडी गेट से करीब दो किलोमीटर इलाके में वाहनों की कतार लग गई। उन्हें मंडी के मुख्य द्वार के सामने से छतुइया रेलवे क्रॉसिंग तक पहुंचने में एक घंटा लग गया। सुरेंद्र की तरह की गंगा स्नान करने और लौट कर आने वाले सैकड़ों लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा दिक्कत ट्रैक्टर- ट्रॉली सवार श्रद्धालुओं को हुई। बच्चे भी गर्मी की वजह से अकुला गए। पूर्वाह्न में वाहनों का आवागमन सुचारू हुआ तो लोगों ने राहत की सांस ली।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें