बिजनौर जनपद में स्वच्छता सर्वेक्षण के देश भर के आंकड़े जारी किए गए हैं। जिसमें बिजनौर नगरपालिका ने प्रदेश में प्रथम स्थान पाया है। जबकि देशभर की रैकिंग में छठवां स्थान मिला। इस पर पालिका चेयरपर्सन ने कहा कि रैकिंग संतोषजनक है मगर सफाई के मामले में अब इंदौर को पछाड़कर ही दम लेंगे। शुक्रवार को पालिका के सभागार में चेयरपर्सन इंदिरा सिंह ने प्रेस वार्ता की। उन्होंने कहा कि शहर की साफ सफाई को लेकर सजग हैं। लगातार इस पर ध्यान दिया जा रहा है। इसी कारण बिजनौर शहर ने देश भर मे स्वच्छता सर्वेक्षण सर्वें में छठा स्थान पाया है। जबकि प्रदेश में पहली रैंक मिली है। बता दें कि बिजनौर की यह रैकिंग पचास हजार से तीन लाख तक आबादी वाले शहरों की है। इंदिरा सिंह ने कहा कि आने वाले समय मे बिजनौर इंदौर को पछाड़ कर पहला स्थान पायेगा। उन्होंने कहा कि पालिका में शामिल हुए बाहरी इलाकों में विकास तेज गति से चल रहा है। नाला और सड़कों का निर्माण किया जा रहा है। उधर वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. बीरबल सिंह ने कहा कि शहर को साफ सुंदर रखने वाले लोगों को लगातार प्रोत्साहित किया जा रहा है। हालांकि गंदगी करने वालों पर सख्ती करेंगे। इन पर जुर्माना भी लगाया जाएगा। प्रेस वार्ता में तमाम सभासद और पालिका कर्मी भी मौजूद रहे।