प्रयागराज और वाराणसी के मध्य स्थित औराई रोडवेज बस स्टेशन एक सप्ताह से वीरान हो गया है। यहां अब प्रयागराज से आने वाली बसें भी नहीं रूक रही। इससे यात्रियों को निजी वाहनों से सफर करना पड़ रहा है। बसें फ्लाईओवर के ऊपर से ही निकल जा रही है। इससे स्टेशन के अंदर और बाहर आटो वालों का कब्जा हो गया है। प्रयागराज और वाराणसी के मध्य सबसे बड़ा औराई बस स्टेशन तीन एकड़ में फैला हुआ है। दो से ढाई साल पर्व दो करोड़ से उसका सुंदरीकरण कराया गया। लंबा चौड़ा परिसर, प्रतीक्षालय बैठने के लिए बेंच, पंखे, पानी और शौचालय जैसी सारी व्यवस्थाएं मौजूद हैं, लेकिन विभाग की लापरवाही के कारण स्टेशन बदहाल हो गया है। स्टेशन में चल रहा कैंटीन एक हफ्ते से बंद है। जिसके चलते बसें बस स्टेशन में नहीं आ रही है। कुछ लोगों का मानना है कि नाश्ते की सुविधा न होने से बसें अंदर नहीं आ रही है। वाराणसी से आने वाली बसें पहले ही नहीं रूकती थीं, लेकिन अब प्रयागराज से आने वाली बसें भी नहीं आ रही है। जिनकी संख्या करीब 50 से 70 है। इससे यात्री निजी साधनों से अपने गंतव्य को जा रहे हैं। बस स्टेशन इंचार्ज रवि शंकर पांडेय ने बताया कि लिखित रूप से विभागीय अधिकारियों को पत्र दिया गया है। बस स्टेशन में कोई भी बसें नहीं आ रही है। सभीफ्लाई ओवर के ऊपर से ही निकल जा रही है। एआरएम कैंट गौतम कुमार ने कहा कि बस न रूकने का मामला संज्ञान में है। चेकिंग टीम को लगाया गया है। कैंटिन बंद होने की भी जानकारी है। जल्द ही उक्त कैंटिन का टेंडर निरस्त कर दूसरी खोली जाएगी।