औराई ब्लॉक के रयपुरी गांव में रविवार को गांव में फैली दुर्व्यवस्थाओं को लेकर प्रदर्शन किया। नाराज लोगों ने जिम्मेदारों पर गांव के अनदेखी का आरोप लगाया। गांव के कन्नौजिया और बिंद बस्ती के लोगों ने गांव में जाम नाली की समस्या को लेकर अपनी आवाज मुखर की। लोगों ने कहा कि गांव में नाले के दर्जनों चेम्बर भी क्षतिग्रस्त हैं। नाला चोक होने से बस्तियों में पानी बहने लगता है। कई बार शिकायत के बाद भी इसे दुरूस्त नहीं कराया गया। आने वाले दिनों में बारिश के समय दुश्वारियां और अधिक बढ़ेंगी। मुंशी कन्नौजिया ने बताया कि दो तीन बार बस्ती के जर्जर मार्ग पर गिर कर घायल हो चुके हैं। कहा कि शिकायत करने पर केवल आश्वासन मिलता है। आक्रोशित लोगों ने मांग किया कि जल्द ही नालियों को दुरूस्त कराया जाए। जिससे बारिश में होने वाले दुश्वारियों से बचा जाए। मौके पर दिलीप भीम कन्नौजिया, राजू कन्नौजिया, अमर बहादुर, अन्तु कन्नौजिया, राजू, मुंशी, विमला देवी, मालती देवी, खुदरा देवी, मुन्नी देवी, सावित्री देवी, सोनू बिंद आदि रहे।