बरेली में मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचे भीम आर्मी भारत एकता मिशन के कार्यकर्ताओं ने सिटी मजिस्ट्रेट को चेतावनी दी है कि तहसील फरीदपुर के ग्राम पंचायत रूरिया रायपुर में यदि डॉक्टर भीमराव अंबेडकर प्रतिमा को पुन: स्थापित नहीं किया गया तो वह लोग बुधवार को महापंचायत करेंगे। संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अक्षांश अंसारी, मंडल अध्यक्ष अमर सिंह, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य अजय प्रधान, अतुल वाल्मीकि ने कहा कि 16 जून को बाबा साहब की प्रतिमा को कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा प्रशासन को झूठी सूचना देकर हटवा दिया गया था। ग्रामवासियों को फरीदपुर तहसीलदार, एसडीएम की तरफ से यह आश्वासन दिया गया था कि चार दिन के अंदर अनुमति प्राप्त कर प्रतिमा दोबारा स्थापित करा दी जाएगी। लेकिन अभी तक बाबा साहब की प्रतिमा को स्थापित नहीं किया गया है। उन्होंने कहा कि गांववासियों ने प्रशासन की बात पर भरोसा किया था। 17 जून को गांववासियों और प्रशासन के बीच जो बात हुई थी। उसके अनुसार 25 जून को प्रतिमा स्थापित हो जानी चाहिए थी। लेकिन अभी तक मौके पर ऐसी कोई गतिविधि नहीं होने से ग्रामीणों में नाराजगी है। उन्होंने कहा कि यदि कल तक प्रतिमा स्थापित नहीं हुई तो वह लोग वहां पर पंचायत करेंगे।