बरेली में बीते वर्ष के मुकाबले इस बार अगस्त में कम बारिश हुई। मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार बीते वर्ष अगस्त में हुई बारिश के सापेक्ष इस बार करीब 34 फीसदी कम रही। हालांकि, सितंबर में सामान्य या इससे अधिक बारिश होने का अनुमान है। आंकड़ों के अनुसार बीते वर्ष अगस्त के 27 दिन में 340 मिमी बारिश हुई। जबकि इस वर्ष अगस्त के 24 दिन में 250 मिमी बारिश हुई। मौसम विशेषज्ञ के मुताबिक वर्तमान में हिंद महासागर द्विध्रुव एवं अलनीनो की तटस्थ परिस्थितियां अब अलनीना प्रभाव में बदल रही हैं। इसके चलते सितंबर में रुहेलखंड मंडल के ज्यादातर हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने का अनुमान है।