जल शक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह एवं खाद्य रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा ने रविवार को पौराणिक तीर्थ स्थल श्री लोधेश्वर महादेवा पहुंचे, जहां उन्होंने विधिवत रुद्राभिषेक कर भगवान शिव से प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की। मंदिर के पुजारियों ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भगवान भोलेनाथ का दूध, दही, गंगाजल, पुष्प, अक्षत, बेलपत्र, भांग, धतूरा व कमल पुष्प आदि से अभिषेक कराया। पूजा अनुष्ठान पूरी श्रद्धा व पारंपरिक विधि-विधान से संपन्न हुआ। इसके बाद मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पास स्थित पौराणिक तीर्थ स्थल कुंतेश्वर पहुंचकर भी भगवान शिव का पूजन-अर्चन किया। इस अवसर पर खाद्य एवं रसद राज्य मंत्री सतीश शर्मा, एमएलसी अंगद कुमार सिंह, पूर्व विधायक शरद कुमार अवस्थी, मंडल अध्यक्ष अमित सिंह, हर्षित वर्मा समेत कई भाजपा नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।