भगवान शिव के प्रिय सावन माह का पहला सोमवार… महादेवा की नगरी में आज आस्था का ऐसा ज्वार उमड़ा है, जिसमें उम्र, वर्ग, जाति सब भुलाकर हजारों भक्त नंगे पांव, भक्ति और उत्साह से लबरेज़ अपने आराध्य भोलेनाथ के दर्शन और जलाभिषेक के लिए आगे बढ़ रहे हैं। रविवार सुबह से ही फतेहपुर तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध भगौली तीर्थ स्थित प्रसन्ननाथ महादेव मंदिर से कांवड़ियों के जत्थे जल लेकर महादेवा की ओर कूच कर चुके हैं। रास्तों में ‘हर-हर बम-बम’, ‘बोल बम’, ‘ॐ नमः शिवाय’ के गगनभेदी उद्घोष से वातावरण पूरी तरह शिवमय हो गया है। भक्तों के जत्थों के साथ चल रहे वाहनों पर लगे साउंड सिस्टम से गूंजते शिव भजन भक्तों के उत्साह को और बढ़ा रहे हैं। महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और युवाओं का अद्भुत जोश महिलाएं, बुजुर्ग, बच्चे और युवा – हर आयु वर्ग के लोग नंगे पांव चलते हुए महादेव की नगरी की ओर बढ़ रहे हैं। कहीं रास्ते में भक्त नृत्य करते दिखते हैं तो कहीं श्रद्धालु सिर पर जल की कांवड़ संभाले शांत भाव से आगे बढ़ते नजर आते हैं। रविवार रात से खुलेंगे मंदिर के कपाट मंदिर के पुजारी वीरेंद्र शास्त्री ने बताया कि भक्तों की भारी भीड़ को देखते हुए श्री लोधेश्वर महादेव मंदिर के कपाट रविवार रात 12 बजे से ही भक्तों के लिए खोल दिए जाएंगे। सोमवार रात तक भगवान शिव का जलाभिषेक अनवरत चलता रहेगा।