बांदा जिले में नरैनी कोतवाली क्षेत्र के रिसौरा गांव में एक महिला ने अपने तीन बच्चों के साथ केन नहर में छलांग लगा दी। नहर के पास चूड़ियां, कड़ा, एक जोड़ी चप्पल और एक कपड़े मिलने के बाद ग्रामीणों ने यह आशंका जताई है। गांव के गोताखोरों और पुलिस ने मिलकर महिला और बच्चों की तलाश शुरू कर दी है। हालांकि, अभी तक किसी ने भी उन्हें नहर में कूदते हुए नहीं देखा है और इस घटना की कोई पुष्टि नहीं हो पाई है। पुलिस इस बात का भी अनुमान लगा रही है कि महिला लोगों को भ्रमित करने के लिए सामान छोड़कर कहीं और चली गई हो। पुलिस लगातार महिला और बच्चों को तलाश रही है और सभी संभावनाओं की जांच कर रही है।