पचपेड़वा-बढ़नी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंकरपुर कला गांव के पास रविवार की सुबह करीब 10 बजे तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने ई-रिक्शा को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। सड़क हादसे में ई-रिक्शा पर बैठे मुस्ताक उर्फ बब्बू (45) निवासी शंकरपुर कला पचपेड़वा व कल्प हुसैन (70) निवासी ठुडवलिया पचपेड़वा की मौत हो गई। हादसे में पांच लोग घायल हो गए हैं। एक की हालत गंभीर होने पर सीएचसी पचपेड़वा से जिला अस्पताल रेफर किया गया है। अर्टिगा कार से बीयर व शराब बरामद की गई है। अर्टिगा कार हिमांचल प्रदेश से नेपाल जा रही थी। अर्टिगा कार में छह लोग सवार थे। सभी लोग सुरक्षित हैं। शंकरपुर कला निवासी इलियास व असगर अली ने बताया कि पचपेड़वा-बढ़नी राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क के किनारे उनका घर है। रविवार की सुबह करीब 10 बजे एक ई-रिक्शा सवारियों को बैठाकर बढ़नी की तरफ जा रहा था। इसी बीच पीछे से तेज रफ्तार अनियंत्रित अर्टिगा कार ने जोरदार टक्कर मार दी। ई-रिक्शा पर बैठे मृतक मुस्ताक की पत्नी साफिया (35), राज बहादुर (60) निवासी धनौरा बुजुर्ग बढ़नी, झूलन (50) निवासी बसंतपुर महादेव सिद्धार्थनगर, खैरुन्निशा (50) निवासी संग्रामपुर पचपेड़वा व ई-रिक्शा चालक इब्राहिम (35) निवासी जियाभारी सिद्धार्थनगर घायल हो गए। सभी को सीएचसी पचपेड़वा में भर्ती कराया गया। खैरुन्निशा की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। बाकी चार अन्य घायलों का सीएचसी में इलाज किया जा रहा है। अर्टिगा कार के सभी सवार सुरक्षित बच गए। कार सवार ओम प्रकाश व सुमन राना ने बताया कि हम छह लोग थे। हिमांचल प्रदेश से नेपाल जा रहे थे, तभी यह घटना हुई है।