अमेठी। जिले की सभी 30 पीएचसी पर रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला आयोजित हुआ, जिसमें मरीजों का परीक्षण कर इलाज किया गया। गंभीर मिले मरीजों को सीएचसी रेफर किया गया। गौरीगंज सीएचसी के जेठू मवई स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर डॉ. पीतांबर कनौजिया की मौजूदगी में रविवार को मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला लगा। सुबह करीब 11:35 बजे मेले में चिकित्सक डॉ. श्रद्धा सिंह, आयुष के डॉ. राजीव कुमार, कंतलाल गौढ़, लैब सहायक अखिलेश तिवारी, अजय, एएनएम प्रियंका व मृदुला, सीएचओ नीतू पाल आदि मौजूद रहीं। इस समय तक मेले में कुल पहुंचे 15 मरीजों में से सात मरीजों की जांच हुई मिली। यहां पर इलाज कराने पहुंची सीतारामपुर निवासी मरीज पुष्पा ने चिकित्सक को बताया कि साहब... पेट दर्द के साथ शरीर में छोटी गांठ निकल रही है। निजी चिकित्सक के साथ ही सरकारी अस्पताल में भी इलाज कराया आराम नहीं मिल रहा है। चिकित्सक ने दवा देने संग खानापान में सावधानी बरतने की सलाह दी है। मरीज कुसमा देवी ने बताया कि कई दिनों से बुखार संग सिर दर्द की समस्या बनी हुई है। निजी चिकित्सक के यहां से दवा ली, लेकिन आराम नहीं मिला। चिकित्सक ने जांच कराने के बाद दवा दी है। नंद कुमार ने बताया कि सिरदर्द होने के साथ ही आंखों से पानी गिरता है। चिकित्सक ने दवा देने संग जिला अस्पताल में आंखों की जांच कराने की सलाह दी है। मवईगांव की मनीषा ने बताया कि वह कई दिनों से जुकाम, बुखार से पीड़ित हैं। घरेलू उपचार किया, लेकिन आराम नहीं मिला। आज यहां मेले में चिकित्सक को दिखाया है, उन्होंने दवा देने के साथ ही खानपान में सावधानी बरतने की सलाह दी है। इसके अलावा जिले के अन्य पीएचसी पर आयोजित मेले में चिकित्सकों ने मरीजों का उपचार कर उन्हें विभिन्न बीमारियों के प्रति सावधानी बरतने आदि को लेकर जागरूक किया। वहीं सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने अलाईपुर व सरेसर स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर आयोजित मेले का निरीक्षण किया। इस दौरान मेले में सभी चिकित्सक व कर्मी मौजूद मिले।