बलिया के सिकंदरपुर । 27 जून को निकलने वाले ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस की तैयारियों के क्रम में बुधवार की रात लक्ष्मण अखाड़े का दूसरा जुलूस नगर में भारी उत्साह और सुरक्षा के बीच निकाला गया। यह जुलूस नगर के मानापुर मोहल्ला स्थित हनुमान मंदिर प्रांगण से देररात शुरू होकर बरतर, भिखपुरा, गंधी मोहल्ला होते हुए मुख्य बाजार स्थित जल्पा चौक पर समाप्त हुआ। जुलूस में नगर ही नहीं बल्कि आसपास के गांवों से भी भारी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। युवाओं और बच्चों ने पारंपरिक कलाओं का अद्भुत प्रदर्शन किया, जिससे माहौल उत्सवपूर्ण और आध्यात्मिक हो गया। जुलूस के दौरान 'जय महावीर' और 'जय श्रीराम' के गगनभेदी जयकारों से पूरा नगर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। जुलूस की सुरक्षा व्यवस्था के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। खुद उपजिलाधिकारी सुनील कुमार तहसीलदार प्रवीण सिंह, क्षेत्राधिकारी रजनीश यादव, थाना प्रभारी प्रवीण सिंह सुरक्षा में मुस्तैद रहे।