बलिया जिले के कंपोजिट विद्यालय बसंतपुर में स्कूल चलो अभियान के तहत शनिवार को एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। उत्तर प्रदेश के परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मंत्री ने अधिकारियों संग मिड-डे-मील चखकर परखी गुणवत्ता। विद्यालय के बच्चों को किताबें, यूनिफॉर्म और अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही माल्यार्पण कर बच्चों का उत्साहवर्धन किया गया। मंत्री दयाशंकर सिंह ने कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में वर्ष 2017 के बाद उत्तर प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था में आमूल-चूल परिवर्तन हुआ है। सरकार का उद्देश्य है कि 6 से 14 वर्ष तक का कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे। बताया कि 01 अप्रैल से 15 अप्रैल तक चलने वाला स्कूल चलो अभियान इसी लक्ष्य को पूरा करने के लिए संचालित किया जा रहा है। मंत्री ने कहा कि सरकार द्वारा बच्चों को मुफ्त किताबें, स्कूल ड्रेस, जूते-मोजे और मिड-डे मील के तहत भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। मंत्री ने विद्यालय में बच्चों को परोसे जा रहे मिड-डे मील का स्वयं स्वाद चखा और बच्चों के साथ बैठकर भोजन किया। इससे उन्होंने भोजन की गुणवत्ता का भी जायजा लिया। मंत्री ने ‘स्कूल चलो अभियान’ के प्रचार- प्रसार के लिए निकाले गए जागरूकता वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का संदेश भी पढ़कर सुनाया गया। उन्होंने कहा कि शिक्षक समाज के सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ हैं, जो बच्चों के भविष्य का निर्माण करते हैं। इस मौके पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष कुमार सिंह आदि मौजूद थे।