पुलिस उपमहानिरीक्षक आजमगढ़ परिक्षेत्र सुनील सिंह ने बुधवार को ट्रेनिंग पर आए हुए आरक्षियों के ठहरने की व्यवस्था का निरीक्षण किया। नवनियुक्त आरक्षियों से उनकी समस्याओं के बारे में जानकारी ली। जिले में 1237 आरक्षी जेटीसी में भाग लेंगे। जिनमें 990 पुरुष व 247 महिलाएं हैं। डीआईजी सुनील सिंह ने आरक्षियों लिए पुलिस लाइन परिसर स्थित आरटीसी/ जेटीसी बैरक, कोतवाली अन्तर्गत रैन बसेरा, राजकीय कन्या इंटर काॅलेज और भारद्वाज परिसर हैबतपुर में ठहरने को लेकर बने कमरे, हॉल, शौचालय आदि व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान आरडी त्रिपाठी हाॅल पुलिस लाइन में ट्रेनिंग पर आए हुए आरक्षियों के साथ सम्मेलन किया। आरक्षियों को कानून व्यवस्था से संबंधित जानकारी दी। अनुशासन के बारे में बताया गया। निरीक्षण व सम्मेलन के दौरान पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) कृपा शंकर, अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) अनिल कुमार झा आदि मौजूद रहे।