खाद्य विभाग की ओर से गुरुवार को कार्यशाला का आयोजन किया गया। इसमें मौजूद खाद्य पदार्थ बेचने वाले दुकानदारों को विभागीय अधिकारियों ने साफ-सफाई की बारीकी समझाई। साथ ही स्वच्छता अपनाने की हिदायत दी। कस्बा में संचालित होटल, रेस्टोरेंट, मिठाई की दुकानों व अन्य खाद्य पदार्थों की बिक्री करने वाले दुकानदार इस कार्यशाला में मौजूद रहे। भगत सिंह चौराहा समीप एक प्रतिष्ठान पर आयोजित इस कार्यशाला के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अनिल कुमार राय व भारतीय खाद्य संरक्षा एवं मानक प्राधिकरण नई दिल्ली के द्वारा अधिकृत प्रशिक्षक हरचरण कौर व डिस्ट्रिक्ट कोऑर्डिनेटर शिवम सिंह ने व्यापारियों को जानकारी दी। बिक्री से लेकर पदार्थों को तैयार करने मानकों से रूबरू कराया। बताया गया कि खाद्य कारोबार में व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ प्रतिष्ठान परिसर की स्वच्छता जरूरी है। खुले में खाद्य पदार्थों को रखकर बिक्री करना लोगों के स्वास्थ के लिए हानिकारक है। अखबार व रंगीन पेपरों पर खाद्य सामग्री को रखकर बेचना दंडनीय अपराध है। स्वच्छ, ताजा व गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थों की बिक्री की जाए। इस मौके पर अमित गुप्ता उर्फ लालू, गोल्डी गुप्ता, आशू सविता, अनुज गुप्ता, राजवर्धन दुबे, अन्नू सेंगर, गोविंद दुबे, पवन पोरवाल, श्याम कुमार, विल्लू मिश्रा समेत कई व्यापारी मौजूद रहे।