गांव के बाहर बने ग्राम प्रधान के गेस्ट हाउस में बुधवार रात को घुसे चोर ऑफिस की कुंडी काट कर सामान चोरी कर ले गए। सुबह घटना की जानकारी होने पर प्रधान ने इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल पर छानबीन की है। अयाना के प्रधान छोटेलाल गुप्ता ने पुलिस को सूचना दी। बताया कि गांव के बाहर उनका गेस्ट हाउस बना है। दो दिन पहले आई आंधी में गेस्ट हाउस के कैमरों की लाइन व हाईमास्ट लाइट टूट गई थी। बुधवार रात को वह गेस्ट हाउस में ताला लगाकर घर पर सोने आ गए थे। सुबह जब वह गेस्ट हाउस में पहुंचे तो उन्हें ऑफिस के गेट की कुंडी कटी मिली। अंदर जाकर देखा तो ऑफ़िस में लगी एलईडी टीवी, डीजे मशीन, मिक्सर मशीन सहित अन्य सामान गायब था। बताया कि चोर पेट्रोप पंप के पीछे खेतों की ओर से कमरे का जंगला तोड़कर गेस्ट हाउस में दाखिल हुए थे। चोरों ने दो साल में तीसरी बार गेस्ट हाउस में चोरी की है। इसमें से एक घटना का पुलिस ने खुलासा किया था। थानाध्यक्ष जयप्रकाश पाल ने बताया कि सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। छानबीन में परिसर में लगे कैमरे बंद मिले हैं। मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।