यूपी के अमेठी में पांच दिवसीय 251 कुण्डीय गायत्री महायज्ञ की शुरुआत मंगलवार को कलश यात्रा के साथ हो गई। कस्बा के गौरीगंज रोड स्थित सिद्धपीठ देवीपाटन मंदिर से यह कलश यात्रा निकाली गई। इसमें बड़ी संख्या में महिलाएं और पुरुष शामिल हुए। डीजे और घोड़ों की अगुवाई में निकली यह यात्रा दुर्गापुर रोड स्थित बघवरिया गांव स्थित कार्यक्रम स्थल पर समाप्त हुई। इसके बाद अन्य कार्यक्रमों का आयोजन शुरू हुआ। कार्यक्रम का समापन 22 मार्च को होगा। इसमें शामिल होने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अलावा प्रदेश के कई मंत्रियों को निमंत्रण पत्र दिया गया है। बताया गया कि कार्यक्रम के प्रत्येक दिन प्रदेश सरकार का कोई न कोई मंत्री शामिल होगा। कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं की सेवा के लिए उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के जिला अध्यक्ष महेश सोनी द्वारा स्टॉल लगाया गया है। इसमें श्रद्धालुओं के लिए नाश्त-पानी की व्यवस्था की गई है।