आगरा में भीषण गर्मी से पारा 44 डिग्री के पार चला गया है। लोग गर्मी से बेहाल हैं, लेकिन वहीं आगरा के ईदगाह रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी बस स्टैंड पर लोगों को पीने को ठंडा पानी नहीं मिल रहा है। ईदगाह रेलवे स्टेशन पर करोड़ों रुपए खर्च कर यात्री सुविधाओं को बढ़ाने का दावा किया गया। लेकिन यहां यात्रियों को भीषण गर्मी में ठंडा पानी तक नहीं मिल रहा। प्लेटफार्म नंबर एक पर आरओ प्लांट लगा है। लेकिन पानी ठंडा नहीं है। यात्रियों का कहना है कि गर्मी में कम से कम गला तर करने लायक पानी तो मिलना चाहिए। वहीं आगरा के प्रमुख बस स्टैंड आईएसबीटी पर दो वाटर कूलर लगे हैं। एक वाटर कूलर से ठंडा पानी मिल रहा है। तो दूसरे में सादा पानी है। इस वजह से ठंडे पानी के लिए एक वाटर कूलर पर लोगों की भीड़ लगी हुई है।