आगरा में किसान-जवान सम्मेलन के दौरान सपा सांसद एवं राष्ट्रीय महासचिव हरेंद्र मलिक ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं, बल्कि रामभक्तों की आस्था से खिलवाड़ है। मलिक ने आरोप लगाया कि दोषियों को बचाया जा रहा है और अब तक एफआईआर दर्ज नहीं की गई है। उन्होंने एसआईटी जांच पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि बिना एफआईआर के जांच जनता की आंखों में धूल झोंकने जैसा है। सम्मेलन में उन्होंने किसानों की समस्याओं को उठाते हुए कहा कि धान, आलू और मक्का का न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित नहीं किया गया और किसानों को समय पर खाद नहीं मिल रही है। कार्यक्रम में कई सपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।