आगरा। उत्तरी बाईपास से गुजरने वाले वाहनों से जल्द ही टोल टैक्स वसूली शुरू हो जाएगी। इसके लिए शुल्क भी तय हो गया है। कार चालकों को रोड से गुजरने पर 95 रुपये देने होंगे। शासन से फास्टैग की अनुमति मांगी गई है। रैपुरा जाट से खंदौली के बीच 14 किमी. का बाईपास बना है। बीते साल 4 दिसंबर से इससे वाहन गुजर रहे हैं। अब इस पर टोल टैक्स वसूला जाएगा। इसके लिए बल्देव के क्षेत्र के गांव मिडावली में टोल प्लाजा भी बन गया है। इसमें कार के लिए 95 रुपये, बस के लिए 295 रुपये और ट्रक के लिए 450 रुपये शुल्क देना होगा। प्लाजा मैनेजर तुलसीराम गुर्जर ने बताया कि उत्तरी बाईपास पर टोल टैक्स की दरें तय कर दी गई हैं। शासन से फास्टैग की अनुमति मांगी है। मंजूरी मिलने के बाद टोल टैक्स वसूली शुरू कर दी जाएगी।