कान्हा गोशाला की भूमि पर अवैध कब्जा करने की कोशिश को नगर निगम प्रशासन ने बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। नगर निगम के ठेकेदार ने सूचना पर निगम ने यह कार्रवाई की। सूचना मिलते ही सहायक नगर आयुक्त एवं प्रभारी संपत्ति श्रद्धा पांडेय के नेतृत्व में राजस्व निरीक्षक शिप्रा गुप्ता, तहसील एत्मादपुर से कानूनगो जय प्रकाश, लेखपाल रूपेश चौधरी एवं रविंद्र मौके पर पहुंचे। जांच के दौरान पाया गया कि कुछ लोग गाटा संख्या 269 में बंजर श्रेणी की खाली पड़ी कान्हा गोशाला की भूमि पर अवैध रूप से चहारदीवारी बनाकर कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे। कब्जा कर रहे लोगों ने दावा किया कि नसबंदी कराने के एवज में उन्हें भूमि का पट्टा दिया गया था, लेकिन पट्टा संबंधी कागजात नहीं दिखा सके। इसके बाद प्रशासनिक टीम ने अवैध चहारदीवारी को ध्वस्त करा दिया। हालांकि इस दौरान लोगों ने हंगामा किया। उनका कहना था कि नगर निगम मनमानी कर रहा है। नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने बताया कि कान्हा गोशाला की भूमि सार्वजनिक संपत्ति है और उस पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।