प्लॉट पर निर्माण रुकवाने और 50 हजार रुपये की घूस मांगने का वीडियो बनाने पर पिता-पुत्र को बेरहमी से पीटने पर तत्कालीन माखी एसओ सहित आठ पुलिसकर्मियों पर कोर्ट के आदेश पर मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोपी पुलिसकर्मियों पर कानून के उल्लंघन का भी आरोप है। घटना फरवरी 2021 की बताई गई है। सदर कोतवाली क्षेत्र के जुराखनखेड़ा निवासी कमलकिशोर ने बताया कि उन्होंने संडीला मार्ग स्थित मेथीटीकुर में प्लॉट खरीदा था। 24 फरवरी 2021 को वह निर्माण करा रहे थे। दोपहर करीब ढाई बजे तत्कालीन माखी थानाध्यक्ष पवन सोनकर, दरोगा विनोद कुमार, स्वदेश कुमार, चार सिपाही और चालक के साथ पहुंचे। काम रोकने पर कमलकिशोर ने प्रशासन या कोर्ट का आदेश दिखाने के लिए कहा तो एसओ दिखा नहीं पाए। आरोप है कि पुलिस कर्मियों ने निर्माण शुरू कराने से पहले 50 हजार रुपये घूस की मांग की।