सोनभद्र जिले में कलेक्ट्रेट में सोमवार को पंचायत सहायकों ने विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन डीएम को सौंपा। मानदेय वृद्धि, सेवा सुरक्षा और अन्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग उठाई। पंचायत सहायकों ने कहा कि वे ग्राम पंचायतों में डिजिटल, प्रशासनिक एवं जनहित से जुड़े कार्यों का निरंतर निर्वहन कर रहे हैं, लेकिन वर्तमान में मिलने वाला 6 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय बढ़ती महंगाई के मुकाबले बेहद कम है। जिलाध्यक्ष अंकित कुमार ने कहा कि पंचायत सहायकों ने मानदेय बढ़ाकर ग्राम पंचायत सचिव के समकक्ष 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने अथवा न्यूनतम कुशल मजदूरी दर लागू करने की मांग की। साथ ही अनुबंध व्यवस्था समाप्त कर स्थायी सेवा नियमावली बनाने, विवाह उपरांत महिला पंचायत सहायकों के स्थानांतरण व समायोजन की नीति लागू करने, ग्राम पंचायत अधिकारी एवं ग्राम विकास अधिकारी के रिक्त पदों पर भर्ती में 50 प्रतिशत आरक्षण देने तथा पंचायत सहायकों एवं उनके परिवारों को आयुष्मान भारत योजना से जोड़ने की मांग भी की गई। पंचायत सहायकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो पंचायत सहायक 15 जून को लखनऊ में धरना-प्रदर्शन करेंगे।