लखनऊ में प्रदर्शन के दौरान युवा कांग्रेस के नेता प्रभात पांडेय के निधन पर बृहस्पतिवार को जिला युवा कांग्रेस ने श्रद्धांजलि सभा की। चाचा नेहरू पार्क में हुए कार्यक्रम में कैंडल जलाकर दिवंगत नेता को नमन किया।युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शशांक मिश्रा ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की आवाज को दबाने का प्रयास कर रही है। विधानसभा घेराव के दौरान पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर बर्बरता से बल प्रयोग किया, जिसमें युवा नेता प्रभात पांडेय ने अपनी जान गंवा दी। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन को दबाने के लिए पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठियां बरसाईं। यहां तक कि यूपी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय पर भी पुलिस ने अत्याचार किया। भाजपा सरकार महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को हल करने में पूरी तरह विफल रही है। अपनी असफलताओं को छिपाने के लिए विधानसभा घेराव में प्रदर्शनकारियों को रोका गया। उन्होंने कहा कि प्रभात पांडे के बलिदान को कभी भुलाया नहीं जाएगा। पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग की।