शामली में कांधला थाना क्षेत्र के कैराना मार्ग पर स्थित आल्दी पुलिया के पास सोमवार की रात पुलिस व एसओजी टीम की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ में गोली लगने से सहारनपुर के छुटमलपुर निवासी बदमाश दीपक और साजिद घायल हो गए। एएसपी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि दोनों बदमाश कांधला कस्बे के एक व्यापारी को लूटने के इरादे से पुलिया के पास खड़े थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस और एसओजी ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस को देखते ही बदमाशों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में दोनों को पैर में गोली लगी और उन्हें दबोच लिया गया। एएसपी के अनुसार, दीपक पर लूट और अन्य धाराओं में 18 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं, जबकि साजिद पर हत्या व गैंगस्टर एक्ट सहित चार मामले दर्ज हैं। आरोपियों के पास से दो तमंचे व पांच कारतूस बरामद किए गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पूछताछ जारी है।