शामली के हसनपुर लुहारी में रामनवमी के पावन अवसर पर निकाली गई भव्य शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जहां एक ओर भक्तों में उत्साह और आस्था का माहौल था, वहीं दूसरी ओर गांव की खराब सफाई व्यवस्था ने आयोजन पर सवाल खड़े कर दिए। शोभायात्रा जिस मार्ग से होकर निकली, वहां सड़क पर जगह-जगह कीचड़ और गंदगी फैली हुई थी। हालात ऐसे थे कि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा। कई श्रद्धालु फिसलते-फिसलते बचे, जिससे दुर्घटना की आशंका भी बनी रही। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से नालियों की सफाई नहीं हुई है, जिसके चलते पानी सड़कों पर फैल गया और कीचड़ की स्थिति बन गई। रामनवमी जैसे बड़े धार्मिक आयोजन से पहले भी प्रशासन की ओर से सफाई की कोई ठोस व्यवस्था नहीं की गई। राम मंदिर समिति के सदस्य अरविंद सैनी ने भी इस अव्यवस्था पर नाराजगी जताई। उन्होंने बताया कि रामनवमी शोभायात्रा की सूचना पहले ही ग्राम पंचायत और संबंधित अधिकारियों को दे दी गई थी, इसके बावजूद गलियों की सफाई नहीं कराई गई। श्रद्धालु अंकित ने कहा कि धार्मिक आयोजन से पहले प्रशासन को मार्ग की सफाई और व्यवस्था सुनिश्चित करनी चाहिए थी, लेकिन लापरवाही के चलते श्रद्धालुओं को कीचड़ से होकर गुजरना पड़ा, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।