थाना बबराला क्षेत्र में एक घर का ताला तोड़ कर छह पशु चोरी की घटना का पुलिस का खुलासा करते हुए छह शातिर बदमाशों को गिरफ्तार किया गया है। एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने प्रेस वार्ता के दौरान इसका खुलासा किया। बता दें कि बबराला नगर के लेखपाल कॉलोनी निवासी राकेश गौतम की उनके आवास से करीब 300 मीटर दूरी पर स्थित रेलवे लाइन पार शिवपुरी कॉलोनी के जंगल की ओर एक पशु शाला बनी हुई है। 25 अक्टूबर की रात बदमाशों ने पशुशाला का ताला तोड़ कर चार भैंस और दो भैंस के बच्चे सहित 6 पशु चोरी कर लिए। एएसपी दक्षिणी अनुकृति शर्मा ने बताया कि थाना बबराला पुलिस टीम द्वारा क्राइम ब्रांच व सर्विलास की संयुक्त टीम के सहयोग से अभियुक्त नेकपाल निवासी जहानपुर की मड़ईया थाना रजपुरा, शाकिर निवासी ग्राम दहगवां थाना जरीफनगर जिला बदायूं, नेमपाल उर्फ जनका निवासी ग्राम अतरासी थाना बहजोई, चमन निवासी ग्राम मलकपुर थाना अनूपशहर जिला बुलंदशहर, पप्पू शर्मा निवासी ग्राम बैरपुर थाना जुनावई जिला संभल को शनिवार की सुबह नूरपुर तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों की निशादेही पर अभियुक्त सोनू निवासी आवास विकास प्रथम थाना कोतवाली नगर जिला बुलंदशहर के पास से चोरी के 05 पशु बरामद किए। गिरफ्तार अभियुक्तों के पास से एक तमंचा 315 बोर और 312 बोर तथा 3-3 जिंदा कारतूस व 2000 रुपये भी बरामद किए हैं। पुलिस की पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों ने बताया कि वह लोग संगठित होकर चोरी व डकैती की योजना बना रहे थे। पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। वहीं 26 अक्टूबर की रात बाघऊ की मढै़य्या से नौशाद अलीगंज जनपद ऐटा के साथ मिलकर 06 पुशओ की चोरी की घटना को अंजाम दिया था। जिनमें से 05 पशुओं को चोरी के बताकर कम दामों में 90000 रुपए में सोनू निवासी आवास विकास प्रथम थाना कोतवाली नगर जिला बुलंदशहर को बेच दिये थे। नौशाद एक भैंस और 90 हजार रुपये लेकर चला गया था जो अभी भी फरार है।