सहारनपुर के बेहट में भीम आर्मी -जय भीम के राष्ट्रीय अध्यक्ष मंजीत सिंह नौटियाल ने कहा कि राजनीतिक परिवर्तन के लिए बड़े आंदोलन की जरूरत है, जिसकी हम पूरी तैयारी कर चुके है। पिछड़े और मुस्लिम वर्ग की नाराजगी को दूर कर बहुजन समाज को एकजुट किया जाएगा। शाकंभरी देवी रोड स्थित एक वाटर पार्क पर पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने सबसे पहले पहलगाम आतंकी हमले का जिक्र किया। उन्होंने हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि हम उनके परिवारों के साथ खड़े है। इसके बाद कहा कि 2027 में बहुजन समाज सामाजिक और राजनीतिक परिवर्तन करने जा रहा है। 18 वर्ष से सत्ता से दूर बहुजन समाज के युवा भी परिवर्तन की तैयारी कर चुके है। उन्होंने अपील करते हुए कहा कि पुराने बहुजन मिशनरी लोग जो स्वर्गीय कांशीराम के साथ डीएस फोर के समय से संघर्ष कर रहे थे, अब समय आ गया है कि वह घरों से बाहर निकलकर बहुजन आंदोलन में कूदे। बहुजन मिशन में कमी के कारण हम सत्ता से दूर रहे, लेकिन अब कमियों में सुधार कर मिशनरी लोगों को एकजुट होकर कार्य करना होगा। इस मौके पर हरियाणा प्रदेश अध्यक्ष संदीप चौधरी, पंजाब प्रदेश अध्यक्ष संदीप कुमार, उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष अंकुश शेरवाल, प्रदेश प्रभारी दीपक सेठपुर, हरिद्वार जिलाध्यक्ष अश्वनी पटेल, सहारनपुर जिलाध्यक्ष सन्नी गौतम, मुजफ्फरनगर जिलाध्यक्ष विकास गौतम, शामली जिलाध्यक्ष उस्मान चौधरी आदि मौजूद रहे।