फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उपेक्षा का शिकार निहस्था हाल्ट स्टेशन, सुविधाओं के अभाव में यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

मधुवेंद्र सचान Updated Mon, 22 Jun 2026 01:45 PM IST

उपेक्षा का शिकार निहस्था हाल्ट स्टेशन, सुविधाओं के अभाव में यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें खीरों (रायबरेली)। विकास खंड खीरो के अंतर्गत स्थित निहस्था हाल्ट रेलवे स्टेशन इन दिनों बदहाल व्यवस्थाओं के कारण यात्रियों की परेशानी का केंद्र बना हुआ है। कभी क्षेत्र के खिलाड़ियों और ग्रामीणों की वर्षों पुरानी मांग पर स्थापित यह हाल्ट स्टेशन आज मूलभूत सुविधाओं के अभाव में अपनी पहचान खोता नजर आ रहा है। प्लेटफार्म पर उगी कंटीली झाड़ियां, टूटी हुई सीमेंट की बेंचें, खराब पड़ा इंडिया मार्का हैंडपंप तथा जर्जर टीन शेड यात्रियों को भारी असुविधा झेलने पर मजबूर कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, एक समय ऐसा था जब निहस्था क्षेत्र के वॉलीबॉल खिलाड़ियों को प्रदेश और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए करीब 10 किलोमीटर दूर लालगंज रेलवे स्टेशन तक जाना पड़ता था। प्रतियोगिताओं से लौटने के बाद देर रात लालगंज स्टेशन पर उतरकर उन्हें पैदल घर पहुंचना पड़ता था या फिर रात स्टेशन पर ही गुजारनी पड़ती थी। क्षेत्र के खिलाड़ियों ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल कर प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक से सम्मान प्राप्त किया। इसी दौरान उन्होंने अपनी आवागमन की समस्या उच्च स्तर पर रखी, जिसके बाद निहस्था में हाल्ट स्टेशन की स्थापना की गई। स्टेशन बनने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए प्लेटफार्म, पेयजल व्यवस्था, टीन शेड, बैठने के लिए बेंचें तथा टिकट बिक्री की व्यवस्था की गई थी। स्थानीय स्तर पर टिकट विक्रेता की भी नियुक्ति की गई थी, जो ट्रेनों के निर्धारित समय से पहले यात्रियों को टिकट उपलब्ध कराता था। लेकिन समय बीतने के साथ रेलवे विभाग का ध्यान इस स्टेशन से हटता चला गया और सुविधाएं धीरे-धीरे जर्जर होती चली गईं। वर्तमान में प्लेटफार्म और उसके आसपास झाड़ियां उग आई हैं। यात्रियों के बैठने के लिए लगी अधिकांश बेंचें टूट चुकी हैं। बरसात और तेज धूप से बचाव के लिए बनाया गया टीन शेड भी बदहाल स्थिति में है। वहीं पेयजल के लिए लगा इंडिया मार्का हैंडपंप लंबे समय से खराब पड़ा हुआ है, जिससे यात्रियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों और नियमित यात्रियों ने रेलवे प्रशासन से स्टेशन की मरम्मत कराकर मूलभूत सुविधाएं बहाल करने तथा स्टेशन के विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग की है। इस संबंध में पूछे जाने पर रेलवे के आईओडब्ल्यू उन्नाव शैलेन्द्र ने बताया कि निहस्था हाल्ट रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म एवं आसपास उगी झाड़ियों की जल्द सफाई कराकर आवश्यक मरम्मत कार्य कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि निहस्था हाल्ट को उच्चीकृत करने के लिए विभागीय उच्चाधिकारियों को प्रस्ताव भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही स्टेशन का कायाकल्प किया जाएगा। इसके तहत दोनों ओर प्लेटफार्म का निर्माण , यात्रियों के रुकने और बैठने की बेहतर ब्यवस्था सहित अन्य आवश्यक सुबिधाये विकसित की जाएगी , जिससे क्षेत्र के यात्रियों को आधुनिक व बेहतर रेलवे सुविधाओ का लाभ मिल सकेगा ।

Latest

विज्ञापन

Recommended

विज्ञापन
Next
एप में पढ़ें