पिछले दिनों आई बाढ़ के कारण माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर यातायात कई दिनों से ठप है। बाढ़ से मार्ग तीन स्थानों पर कट गया था। इससे ग्रामीणों को लंबी दूरी और अधिक खर्च करने के बाद भी दुश्वारियों भरा सफर तय करना पड़ रहा है। करीब 20 गांवों के लोग यातायात शुरू न होने से परेशान हैं। वहीं, लोक निर्माण विभाग की ओर से पानी कम होने के बाद दो स्थानों पर मिट्टी डलवाकर यातायात तो शुरू करवा दिया गया, लेकिन उसमें भी अव्यवस्थाएं हावी हैं। दयालपुर गांव के पास कटे मार्ग की मरम्मत कार्य अभी तक शुरू नहीं हो सका है। ऐसे में लोग परेशान हैं। हालांकि लोक निर्माण विभाग की ओर से कार्य को जल्द पूरा करने का दावा किया जा रहा है।