मेरठ। हस्तिनापुर कस्बा स्थित अखिल भारतीय संस्था तरुण मित्र परिषद का स्वर्ण जयंती समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया। समारोह में देश के विभिन्न प्रांतों से आए परिषद के पदाधिकारियों, सदस्यों एवं गणमान्य अतिथियों ने सहभागिता की। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं राष्ट्रगीत के साथ किया गया। समारोह को संबोधित करते हुए परिषद के संस्थापक व अध्यक्ष अशोक जैन ने बताया कि यह संस्था गत पांच दशकों से जरूरतमंद साधनहीन में पितृहीन ग्रामीण विद्यार्थियों दिव्यांग जनों व साधनहीन महिलाओं की सेवा सहायता कार्यों में लगी है। इस अवसर पर उन्होंने संस्था की 50 वर्षों की यात्रा, सामाजिक सेवा, राष्ट्रनिर्माण एवं युवाओं के व्यक्तित्व विकास में परिषद की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। कहा कि तरुण मित्र परिषद ने देशभर में शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण संरक्षण, नशामुक्ति और समाजसेवा के क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य किए हैं। परिषद ने सदैव युवाओं को सकारात्मक दिशा देने और सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक करने का कार्य किया है।