मेरठ। सरूरपुर में मेरठ–बड़ौत मार्ग पर हिंडन नदी के पास लगे संकेतक चिन्ह झाड़ियों में पूरी तरह छिप गए हैं, जिसके कारण दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार पिछले एक माह में संकेतक चिन्ह न दिखने की वजह से दो बड़े हादसे हो चुके हैं, जिनमें तीन श्रद्धालुओं की मौत हो चुकी है। हिंडन नदी पर बना पुराना पुल जर्जर होने के बाद प्रशासन ने वाहनों के आवागमन के लिए स्टील का अस्थायी पुल तैयार किया था। पुराने पुल पर हाइट गेज लगाए हुए हैं। पुल के पास वाहनों को सावधानी से गुजरने के लिए संकेतक चिन्ह लगाए गए थे, लेकिन उनकी समय-समय पर सफाई और देखभाल न होने से वे घनी झाड़ियों में छिप गए हैं। राहगीरों और ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द झाड़ियों की सफाई कर संकेतक चिन्हों को स्पष्ट किया जाए, ताकि आने-जाने वाले वाहन चालकों को समय रहते चेतावनी मिल सके और हादसों पर रोक लगाई जा सके। अधिकारियों का कहना है कि समस्या के समाधान के लिए संबंधित विभाग को निर्देश भेजे जा चुके हैं।